जोगणिया माता शक्तिपीठ पर सांस्कृतिक संध्या व राष्ट्रीय कवि गोष्टी का आयोजन

आकोला (रमेश चंद्र डाड)चित्तौड़गढ़ लिटरेचर फेस्टिवल के अंतर्गत जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं राष्ट्रीय काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। धर्म, संस्कृति, पर्यावरण एवं साहित्य जैसे समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में देशभर से आए विद्वान मौजूद रहे ।
कार्यक्रम निर्माणाधीन नवग्रह नक्षत्र वाटिका जोगणिया माता शक्तिपीठ परिसर के सुसज्जित एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।
संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने स्वागत भाषण में जोगणिया माता मंदिर के गौरवशाली इतिहास एवं लोक-प्रचलित कथाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए मां की महिमा का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने अतिथियों, कवियों एवं कलाकारों का उपरणा, स्मृति चिन्ह एवं जोगणिया माता का प्रसाद भेंट कर हार्दिक अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन उदयपुर की वरिष्ठ कवयित्री एवं मंच संचालक डॉ. शकुंतला सरूपरिया ने किया।
मुख्य अतिथि कोल्हापुर के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन चव्हाण रहे। विशिष्ट अतिथि नीमच के ग़ज़लकार प्रमोद रामावत, बिजनौर की शिक्षाविद् एवं कवयित्री डॉ. सारंगा देश ‘असीम’ तथा प्रधानमंत्री कार्यालय के मुख्य पत्रकार, कवि एवं लेखक किशन रतनानी शामिल रहे।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जयपुर से आईं तान्या जैन के कथक नृत्य से हुआ। डॉ. राखी सिंह कटियार (वडोदरा), वंदना योगी (नीमच), डॉ. शकुंतला सरूपरिया (उदयपुर) डॉ. वीना जोशी (जयपुर), अवधेश जौहरी, डॉ. अर्जुन चव्हाण, प्रमोद रामावत, डॉ. सारंगा देश ‘असीम’ , किशन रतनानी सहित अन्य साहित्यकारों ने गीत, ग़ज़ल एवं कविता पाठ से काव्य गोष्ठी को गरिमा प्रदान की।
भारतीय एवं राजस्थानी संस्कृति को समर्पित इस कार्यक्रम में प्रियांशी ने ‘मोहे छेड़ो नंदलाल’ गीत पर फागुन कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। भव्या जोशी ने राजस्थानी लोकगीत “और रंग दे रे म्हाने और रंग दे” पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया। एस.के. इवेंट्स की ओर से लक्ष्मी लाल रावल ने भवई लोकनृत्य के अद्भुत करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
धर्म, संस्कृति, पर्यावरण एवं साहित्य के समन्वित स्वरूप को समर्पित यह सांस्कृतिक संध्या श्रद्धा, साहित्य और लोककला का सुंदर संगम सिद्ध हुई। साबलिया महादेव के महंत राम मुनि महाराज, बेगू थानाप्रभारी कमलचंद मीणा, डॉ सतीश शर्मा, रमेश चन्द्र गुर्जर,डॉ श्यामबिहारी दिनकर, हरीश सोमपुरा, लेखाकार धनराज छीपा आदि मौजूद रहे।
