दो दिवसीय “सर्वोदय संकल्प शिविर” का आयोजन

भीलवाड़ा,। कांग्रेस के विभाग राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (RGPRS), द्वारा आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की तैयारियों को सुदृढ़ करने एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने हेतु भीलवाड़ा में दो दिवसीय “सर्वोदय संकल्प शिविर” का आयोजन किया जा रहा है।

यह शिविर दिनांक 28 फरवरी प्रातः 9:00 बजे से 1 मार्च सायं 4:00 बजे तक होटल हर्ष पैलेस, पुराना आरटीओ रोड, भीलवाड़ा में आयोजित होगा।

शिविर के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े जनप्रतिनिधियों, संभावित प्रत्याशियों एवं कांग्रेस के विभिन्न संगठनों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा । प्रशिक्षण सत्रों में राष्ट्र निर्माण की अवधारणा, संविधानिक मूल्यों, कांग्रेस की वैचारिक प्रतिबद्धता, पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका, ग्राम सभा सशक्तिकरण तथा आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की रणनीतिक तैयारी जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) श्यामलाल गुर्जर ने बताया कि शिविर का उद्देश्य संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को वैचारिक एवं व्यवहारिक रूप से प्रशिक्षित करना है, जिससे वे चुनावी प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) अध्यक्ष श्रामलाल जाट ने इसे संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक स्पष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सभी साथियों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

संगठन के प्रदेश सचिव अशोक कुमार जैन व स्वामी गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में पंचायती राज संस्थाओं एवं ग्राम सभाओं को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह शिविर कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को एक स्पष्ट वैचारिक दिशा और रणनीतिक दृष्टि प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि शिविर की सफलता हेतु संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा से तैयारियों में जुटे हुए हैं।

शिविर में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी तथा चयनित जनप्रतिनिधि अपने अनुभव साझा कर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

Next Story