पर्यावरण के संदेश के साथ गूंजी पड़ासोली की सुबह, विद्यार्थियों ने निकाली प्रभातफेरी

भीलवाड़ा। आसींद क्षेत्र के पड़ासोली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राजस्थान के निदेशक के निर्देशानुसार विद्यालय में पर्यावरण जागरूकता रैली और प्रभातफेरी निकाली गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवदर्शन सिंह खिंची ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्लास्टिक छोड़ो, पेड़ लगाओ जीवन बचाओ, जल है तो कल है और स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ जीवन जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई वापस विद्यालय में संपन्न हुई।
उपप्राचार्य मुकेश कुमार मीना ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
रैली के समापन के बाद विद्यालय परिसर में संक्षिप्त सभा आयोजित की गई। इस दौरान प्रधानाचार्य शिवदर्शन सिंह खिंची ने विद्यार्थियों से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने, पौधारोपण करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिक्षकों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के नितिन कुमार सैनी, दिनेश कुमार शर्मा, सुरेन्द्र सिंह राठौर, महावीर लौहार, राहिल शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस आयोजन के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
