पद्मिनी क्लब ने मनाया गणगौर उत्सव, मधु जाजू बनीं मिसेज गणगौर

भीलवाड़ा । शहर के एक निजी रिसॉर्ट में बुधवार को पद्मिनी क्लब की ओर से गणगौर उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। उत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य कर ईसर-गणगौर की आराधना की और देश में सुख-समृद्धि की कामना की। क्लब अध्यक्ष सीमा सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम की पूर्व सभापति मधु जाजू और कल्पना माहेश्वरी ने की। समारोह का शुभारंभ ईसर-गणगौर की आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर क्लब की सदस्यों ने सुहाग की अमरता और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उत्सव में राजस्थानी संस्कृति की झलक देखने को मिली, जहाँ महिलाओं ने लोक गीतों पर सामूहिक नृत्य किया और विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेलों का आनंद लिया।
उत्सव के दौरान आयोजित 'मिसेज गणगौर' प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इसमें मधु जाजू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया, जबकि सुमन जैन दूसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को क्लब की ओर से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ममता सेठी, सीमा चंदोरिया, पदमा जैन, सरिता पोखरना, सुमन जैन, प्रीति जैन, छाया कोठारी और सुनीता पीपाड़ा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में क्लब अध्यक्ष सीमा सोमानी ने सभी आगंतुकों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
