ट्रेन की चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में फैली सनसनी

ट्रेन की चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में फैली सनसनी
X

भीलवाड़ा गंगापुर सिटी शहर के धूधेश्वर रोड स्थित पंचमुखी हनुमान जी मंदिर के पास रेलवे लाइन पर देर रात एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिलीप सैनी पुत्र रामकेश सैनी निवासी तालाब की ढाणी, हिंगोटिया के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गंगापुर सिटी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

मृतक के पिता रामकेश सैनी ने बताया कि उन्हें रात करीब 2 बजे पुलिस द्वारा सूचना दी गई, जिसके बाद उन्हें इस हादसे का पता चला। उन्होंने कहा कि उनका बेटा रेलवे लाइन पर कैसे पहुंचा, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की या रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हुआ। फिलहाल यह जांच का विषय बना हुआ है।

पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक दिलीप सैनी बी.ए. प्रथम वर्ष की परीक्षा दे रहा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

इस हृदयविदारक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Next Story