पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का शंखनाद: वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धर्म ध्वजा स्थापित

भीलवाड़ा । धर्म नगरी भीलवाड़ा में आगामी 8 से 14 अप्रैल तक होने वाली प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की 'श्री शिव महापुराण कथा' की तैयारियां अब युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। रविवार को आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड (कथा स्थल) पर भक्तिमय माहौल के बीच धर्म ध्वजा की पूजा एवं स्थापना संपन्न हुई। पूरा परिसर "हर-हर महादेव" और "संकटमोचन हनुमान" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
संतों के सानिध्य में हुआ भूमि पूजन
श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री हरिशेवाधाम के महामंडलेश्वर हंसरामजी उदासीन महाराज के कर-कमलों एवं संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में ध्वज स्थापना की गई। इस अवसर पर कोटड़ी के गोभक्त संत लालदासजी महाराज का भी विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ।
वैदिक रीति से अनुष्ठान
पंडित अशोक व्यास के नेतृत्व में देवेन्द्र शास्त्री, ऋषि शास्त्री सहित विद्वान पंडितों की टोली ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया। अभिजीत मुहूर्त में धर्म ध्वजा स्थापित कर देवताओं से कथा के निर्विघ्न संपन्न होने का आशीर्वाद मांगा गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों ने पूजन में आहुतियां दीं।
लाखों श्रद्धालुओं के लिए शुरू हुईं तैयारियां
कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि ध्वज स्थापना के साथ ही अब कथा स्थल पर विशालकाय टेंट और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। भीलवाड़ा के भक्तों में कथा को लेकर अपार उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग अपनी सेवाएं देने के लिए आगे आ रहे हैं।
प्रमुख जनों की उपस्थिति
इस गरिमामयी अवसर पर संरक्षक श्रीगोपाल राठी, राकेश पाठक, संयोजक अशोक बाहेती, गजानंद बजाज, महासचिव पीयूष डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, सत्येंद्र बिरला, रामजी गुर्जर, ललित सोमानी, रजनीकांत आचार्य सहित समिति के सैकड़ों पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
