आटूण में खेत पर पैंथर के पदचिन्ह मिलने से दहशत, किसानों में भय

आटूण। भीलवाड़ा शहर से मात्र आठ किलोमीटर दूर आटूण गांव में किसान के खेत पर पैंथर के पदचिन्ह मिलने से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीण और किसान अपने खेतों में जाने से सहमे हुए नजर आ रहे हैं।
आज सुबह बाईपास के निकट किसान हीरालाल चौधरी अपने खेत पर पशुओं के लिए रिजका लेने गए थे। इसी दौरान खेत में पैंथर के पदचिन्ह दिखाई दिए। पदचिन्ह देखकर वे घबरा गए और तुरंत लोगों को इसकी जानकारी दी। हीरालाल चौधरी ने बताया कि उनके चार-पांच भाइयों के खेत एक साथ हैं, जहां दिनभर महिलाएं खेती का कार्य करती हैं और पशु भी पूरे दिन खेत में ही रहते हैं।
पैंथर के पदचिन्ह मिलने के बाद खेतों में काम करने वाली महिलाएं काफी डरी हुई हैं और अकेले खेत पर जाने से कतराने लगी हैं। किसानों का कहना है कि किसी भी समय पैंथर के हमले की आशंका बनी हुई है, जिससे पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों और किसानों ने वन विभाग से मांग की है कि पैंथर को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाए, ताकि किसान और उनके परिजन किसी भी संभावित हादसे से सुरक्षित रह सकें।
