भीलवाड़ा में उमड़ा जनसैलाब, देशभक्ति और भजनों की स्वर लहरियों से पुलवामा के शहीदों को दी गई भावांजलि

भीलवाड़ा - युवा ललकार संस्था, भीलवाड़ा के तत्वाधान में पुलवामा हमले के अमर शहीदों की स्मृति में दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आगाज हुआ। ’’पुलवामा शहीदों को नमन करें - आओ रे सांवरिया के भजन करें’’ शीर्षक के तहत आयोजित इस ऐतिहासिक भजन संध्या ने शहर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम संयोजक यश चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। उसके बाद प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा ने ’सांवरिया सेठ दे दे’, ’हलका मैं ना लेउ सांवरिया थारी माया ने’’, ’’मेरी गाड़ी मेरा बगला’’, ’’सांवरिया घर में लगाई तस्वीर’’ आदि लोकप्रिय भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, राघव दाधीच और कमलेश काबरा ने देशभक्ति और भक्ति भजनों की शानदार जुगलबंदी पेश की।
संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अथक परिश्रम और सामूहिक प्रयासों ने इस कार्यक्रम को न केवल भव्यता प्रदान की, बल्कि इसे ऐतिहासिक बनाकर सफलता के नए सौंपान तय किए।
शहीदों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों का सैलाब उमड़ा, जो भीलवाड़ा के लिए एक ऐतिहासिक पल रहा।
कार्यक्रम संयोजक यश चतुर्वेदी ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन का समापन शनिवार को सूचना केंद्र पर आयोजित होने वाले विराट रक्तदान शिविर के साथ होगा। संस्था ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है ताकि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके।
