बडलियास में फाग महोत्सव की धूम, मुरली मनोहर मंदिर में महिलाओं ने खेली फूलों की होली

बड़लियास (रोशन वैष्णव) बडलियास ग्राम में स्थित मुरली मनोहर मंदिर परिसर में महिला मंडल द्वारा बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ फाग महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर महिला सखियों ने भगवान श्रीकृष्ण के साथ प्रतीकात्मक रूप से होली खेली और भक्ति रस से सराबोर भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान “कान्हा तेरे संग खेली होली”, “रंग मत डाले रे सांवरिया”, “गुर्जर मार लो” सहित अनेक पारंपरिक फाग और होली भजनों का सामूहिक गायन किया गया। भजनों की मधुर धुनों पर मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया और वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो उठा।
महिला मंडल की सदस्यों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान को रिझाया तथा आपसी सौहार्द और भक्ति भावना का संदेश दिया। अंत में आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रहीं और सभी ने फाग महोत्सव का आनंद लिया।
