भामाशाहों ने संवारी स्कूल की सूरत: राजकीय विद्यालय को भेंट किए 72 हजार के टेबल-स्टूल और कंप्यूटर

गुरला (भीलवाड़ा हलचल)। शिक्षा के मंदिर में सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए क्षेत्र के भामाशाहों ने अनूठी पहल की है। स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं की सुविधा हेतु भामाशाहों द्वारा फर्नीचर एवं तकनीकी संसाधन भेंट किए गए।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रशासक भगवती देवी आसोलिया, जसवंत सिंह आसोलिया, रामसिंह आसोलिया (ऑपरेटर) एवं चंदन सिंह आसोलिया ने उदारता दिखाते हुए 72 हजार रुपये मूल्य के लोहे के टेबल और स्टूल उपलब्ध करवाए हैं। फर्नीचर की सुविधा मिलने से अब विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष में बैठने में सुगमता होगी और पढ़ाई का वातावरण अधिक अनुकूल बनेगा।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा: कंप्यूटर भी किया भेंट
स्कूल के कार्यालय संबंधी कार्यों और विद्यार्थियों की डिजिटल शिक्षा को सुगम बनाने के उद्देश्य से राजेंद्र सिंह राणा व हिम्मत सिंह राणा ने विद्यालय को एक कंप्यूटर सेट भेंट किया। इस तकनीकी सहयोग से विद्यालय के ऑनलाइन कार्यों में तेजी आएगी।
प्रधानाचार्य ने जताया आभार
भामाशाहों के इस पुनीत कार्य पर प्रधानाचार्य गोपाल लाल शर्मा ने सभी दानदाताओं का माला पहनाकर और ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही सरकारी विद्यालयों का कायाकल्प संभव है। इस अवसर पर विनोद बूलीवाल, दिनेश कुमार सेन, नरेंद्र कुमार, प्रहलादराय शर्मा, गीता लुहार, हीरालाल शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
