सोशल मीडिया पर अफीम सेवन का वीडियो डालना पड़ा भारी, फुलिया कलां पुलिस ने तीन युवकों को किया गिरफ्तार

फुलिया कलां । सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अफीम का सेवन करते हुए वीडियो साझा करना तीन युवकों के लिए मुसीबत बन गया। फुलिया कलां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना अधिकारी (आरपीएस) भवानी सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम पर अफीम सेवन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो की गहनता से जांच की और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामपुरा (खामोर) निवासी गोपाल गुर्जर, जीवराज गुर्जर और लादू लाल गुर्जर को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया कि इन युवकों ने जानबूझकर अफीम का सेवन करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और सीओ शाहपुरा ओम प्रकाश बिश्नोई के कड़े निर्देशों पर अंजाम दी गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। थाना पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों का प्रदर्शन या प्रचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
