प्रवीण चौधरी बने सकल दिगंबर जैन समाज के नए अध्यक्ष: 16 मंदिरों के पदाधिकारियों ने जताई सहमति

प्रवीण चौधरी बने सकल दिगंबर जैन समाज के नए अध्यक्ष: 16 मंदिरों के पदाधिकारियों ने जताई सहमति
X

भीलवाड़ा। शहर के सकल दिगंबर जैन समाज ने संगठन और एकता की शक्ति का परिचय देते हुए भोपालगंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में शहर के 18 में से 16 दिगंबर जैन मंदिरों के अध्यक्षों और सचिवों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें प्रवीण कुमार चौधरी को सर्वसम्मति से समाज का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

बैठक के दौरान ताराचंद चौधरी के पुत्र प्रवीण चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने बिना किसी विरोध के एक स्वर में स्वीकार कर लिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने इस जिम्मेदारी के लिए समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जल्द से जल्द एक मजबूत और सक्रिय कार्यकारिणी का गठन करना है।

महावीर जयंती की तैयारियों पर चर्चा

आगामी महावीर जयंती के कार्यक्रमों को लेकर चौधरी ने बताया कि कार्यक्रमों की रूपरेखा गणनी आर्यिका विज्ञाश्री माताजी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। माताजी के मार्गदर्शन और विस्तृत चर्चा के बाद ही कार्यक्रमों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मंदिरों के अध्यक्षों की मौजूदगी में ही नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में मौजूद प्रमुख पदाधिकारी

इस निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आरके कॉलोनी मंदिर से नरेश गोधा, सुभाषनगर से अशोक कांटीवाल, आमलियों की बारी से लोकेश अजमेरा, आजारदान से जयकुमार कोठारी, हाउसिंग बोर्ड शास्त्रीनगर से प्रकाश गंगवाल, तिलकनगर से दिनेशकुमार सेठिया, बिचला मंदिर से जंबू भैंसा और सीएस आजादनगर से भैरूलाल बडज़ात्या उपस्थित थे। साथ ही अरिहंत कॉलोनी के तनसुख गदिया, बापूनगर के लक्ष्मीकांत जैन, कमला नेहरू नगर के मुकेश पाटनी, जैन ज्योति कॉलोनी के ओम अग्रवाल, बीलिया के पदम जैन और भोपालगंज मंदिर के अध्यक्ष जयकुमार टोंग्या ने भी बैठक में शिरकत की।

Tags

Next Story