गर्भवती महिलाएं शिविरों से जुड़ें और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेकर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करें -सीएमएचओ डॉ. शर्मा

भीलवाड़ा। उच्च जोखिम गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान करने तथा गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के तहत बुधवार को जिले के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष एएनसी जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।
अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9, 18 एवं 27 तारीख को आयोजित होने वाले इस विशेष दिवस पर चिकित्सा संस्थानों में महिलाओं का वजन, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, एचआईवी व सिफलिस जांच सहित संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान कम हीमोग्लोबिन पाई जाने वाली गर्भवती महिलाओं को एफसीएम इंजेक्शन लगाकर एनीमिया नियंत्रण की दिशा में उपचार प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत उच्च जोखिम गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं ‘मां वाउचर’ योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को निजी केंद्रों पर निःशुल्क सोनोग्राफी के लिए कूपन भी वितरित किए गए। महिलाओं ने इन वाउचरों का उपयोग कर निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर निःशुल्क सोनोग्राफी जांच का लाभ प्राप्त किया। सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने गर्भवती महिलाओं से शिविरों में अधिकाधिक संख्या में जुड़कर राज्य सरकार की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने की अपील की।
अभियान के दौरान जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश चिकित्सा अधिकारियों व कार्मिकों को दिए।
