पेच के बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू: 2 अप्रैल को सजेगा स्वर्ण चोला और फूल बंगला

पेच के बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू: 2 अप्रैल को सजेगा स्वर्ण चोला और फूल बंगला
X

भीलवाड़ा । शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल पेच क्षेत्र स्थित बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर उल्लास का माहौल अभी से नजर आने लगा है। मंदिर ट्रस्ट की हालिया बैठक में इस वर्ष भी पर्व को पूर्ण वैदिक परंपरा और अभूतपूर्व भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है।

मंदिर के महंत पंडित आशुतोष शर्मा ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष चैत्र शुक्ल पूर्णिमा, गुरुवार 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। महोत्सव का श्रीगणेश जन्मोत्सव से तीन दिन पूर्व 31 मार्च, मंगलवार को अखंड रामायण पाठ के साथ होगा।

प्रमुख आकर्षण और कार्यक्रम:

आकर्षक सजावट: मंदिर परिसर और आसपास के बाजार को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जा रहा है।

विशेष श्रृंगार: भगवान हनुमान को विशेष स्वर्ण चोला चढ़ाया जाएगा। साथ ही, वृंदावन के कलाकारों द्वारा तैयार किया जाने वाला 'फूल बंगला' इस बार भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा।

संगीतमय अनुष्ठान: जन्मोत्सव के दिन सुबह ध्वज पूजन के साथ 21 घंटे का अखंड संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ शुरू होगा। विद्वान पंडितों द्वारा सुंदरकांड और दुग्धाभिषेक के विशेष अनुष्ठान भी संपन्न किए जाएंगे।

प्रसाद वितरण: दोपहर में महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को बूंदी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। भीड़ को देखते हुए 15 हलवाइयों की विशेष टीम प्रसाद तैयार करने में जुटेगी।

शाम को आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। मंदिर ट्रस्ट ने व्यवस्थाएं सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन से भी समन्वय स्थापित किया है ताकि दर्शनार्थियों को सुगमता रहे।

Tags

Next Story