भीमगंज बस्ती हिंदू महासम्मेलन की तैयारियां तेज, जातिगत बैठकों से दिया गया निमंत्रण

भीलवाड़ा। भीमगंज बस्ती हिंदू महासम्मेलन को भव्य और सफल बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बस्ती में निवास करने वाली सभी जातियों के लोगों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित कीं और उन्हें पीले चावल देकर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
बैठकों के दौरान विभिन्न जातियों के प्रतिनिधियों ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया। साथ ही सभी ने कार्यक्रम में पूरी सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की प्रतिबद्धता जताई। बैठकों में सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण सोनी ने बताया कि हिंदू महासम्मेलन के अंतर्गत चार दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें संगीतमय सुंदरकांड पाठ, भव्य भजन संध्या, विशाल शोभायात्रा और प्रभात फेरी प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी। उन्होंने कहा कि भीमगंज बस्ती में विभिन्न जातियों के लोगों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास सामाजिक सद्भावना और समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक अनूठी पहल है।
सत्यनारायण सोनी ने कहा कि अलग-अलग जातियों से बनी आयोजन समिति द्वारा सभी समाजों से संपर्क कर चावल देकर आमंत्रण देना आपसी मेलजोल और भाईचारे का प्रतीक है। इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और सम्मेलन को लेकर आमजन में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
