बाणमाता शक्तिपीठ पर चैत्र नवरात्र महोत्सव की तैयारियाँ शुरू, 19 मार्च को होगी घटस्थापना

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाणमाता शक्तिपीठ, गोवटा बांध पर चैत्र नवरात्र महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। शक्तिपीठ प्रबन्ध एवं विकास संस्थान ने आगामी महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
अभिजीत मुहूर्त में होगी स्थापना
संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि नवरात्र महोत्सव की स्थापना 19 मार्च, गुरुवार को दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में की जाएगी। महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला चलेगी, जिसमें 23 मार्च, सोमवार रात्रि 8:15 बजे पंचमी जागरण का आयोजन होगा। 25 मार्च, बुधवार दोपहर 12:15 बजे पाटोत्सव महाअभिषेक संपन्न किया जाएगा।
छप्पन भोग और पाति विसर्जन के साथ समापन
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 26 मार्च, गुरुवार रात्रि 8 बजे से होने वाला अष्टमी महाजागरण रहेगा। अगले दिन 27 मार्च, शुक्रवार प्रातः 11:15 बजे छप्पन भोग की झांकी के दर्शन होंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ मेनाली नदी में पाति विसर्जन किया जाएगा। पाति विसर्जन के बाद छप्पन भोग प्रसाद वितरण के साथ नवरात्र महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
नौ दिनों तक चलने वाले इस मेले में उमड़ने वाली हजारों की भीड़ को देखते हुए संस्थान द्वारा पेयजल, सुरक्षा, आवास, विद्युत और वाहन पार्किंग के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर और मेला प्रांगण को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और दिव्य दर्शन प्राप्त हो सकें।
