श्री कुंज’ में श्रीमद् भागवत कथा की तैयारिया अंतिम चरण में, कल होगा भूमि पूजन

भीलवाड़ा,। वस्त्रनगरी के ग्रीन पार्क क्षेत्र स्थित ‘श्री कुंज’ में आगामी 7 जनवरी से आयोजित होने वाले भव्य श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ और ‘नानी बाई का मायरा’ की तैयारी अब अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। आयोजन स्थल पर विशाल डोम पाण्डाल सजकर तैयार हो गया है, जहां भक्ति की सरिता बहेगी। आयोजन प्रमुख शंभूदयाल सोनी ने बताया कि महोत्सव के लिए आयोजन स्थल पर युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए आकर्षक सफेद और रंगीन वस्त्रों से सुसज्जित विशाल डोम तैयार कर लिया गया है। मुख्य कथा स्थल पर ठाकुर जी के विराजने के लिए नक्काशीदार भव्य मंच का निर्माण किया जा रहा है, जिसे राजस्थानी और आध्यात्मिक लुक दिया गया है। सर्दी के मौसम को देखते हुए पाण्डाल में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, पांसल रोड और शारदा चौराहा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष मार्ग निर्देशक बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
कल सुबह होगा भूमि व गणपति पूजन
आयोजन समिति के प्रहलाद सोनी व श्याम सुंदर सोनी ने बताया कि महोत्सव का विधि-विधान से शुभारंभ 7 जनवरी को प्रातः 8:15 बजे भूमि एवं गणपति पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात 8 जनवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कथा वाचक वृंदावन धाम के महंत मोहनशरण शास्त्री (श्रीमद् भागवत) 8 से 14 जनवरी तक भागवत कथा एवं गोवत्स शिव प्रकाश शास्त्री-बाबा धाम नानी बाई का मायरा:10 से 12 जनवरी, प्रतिदिन सायं 7:00 से 9:30 बजे तक होगा। भागवत कथा में 10 जनवरी को ध्रुव चरित्र, 12 को कृष्ण जन्मोत्सव, 13 को गोवर्धन पूजा (छप्पन भोग) एवं 14 जनवरी को तुलसी विवाह,15 जनवरी को दोपहर 12:15 बजे विशाल महाप्रसादी (भंडारा) के साथ समापन होगा। अक्षत सोनी सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पधारने का आग्रह किया है।
