भीलवाड़ा में निजी बस हड़ताल, 1800 बसें बंद: चार लाख से अधिक यात्री प्रभावित

भीलवाड़ा में निजी बस हड़ताल, 1800 बसें बंद: चार लाख से अधिक यात्री प्रभावित
X

भीलवाड़ा। राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण जिले में करीब 1800 निजी बसें बंद रही, जिससे चार लाख से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए। कई रूट पर एक भी रोडवेज बस उपलब्ध नहीं थी, जिससे यात्रियों को यात्रा रद्द करनी पड़ी या निजी साधनों का सहारा लेना पड़ा।

ब्यावर रूट पर 55 निजी बसें बंद रहीं, कपासन रूट पर 12 बसें नहीं चलीं, रायपुर वाया बागौर रूट पर 10 बसें बंद रहीं। भीम वाया करेड़ा रूट पर 2 बसें, बस्सी वाया मंगरोप पर 5 बसें और रावतभाटा वाया हलेड़ रूट पर 3 बसें नहीं चलीं। निजी बसों के बंद होने से रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ गई। हड़ताल को टैक्सी यूनियन का समर्थन प्राप्त है, जबकि परिवहन विभाग के साथ वार्ता असफल रही।वहीं आसींद उपखंड क्षेत्र में निजी बस संचालकों की सोमवार मध्यरात्रि से शुरू हुई हड़ताल के कारण मंगलवार को बस सेवा पूरी तरह ठप रही। यात्रियों को बस स्टैंड पर घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि वैकल्पिक साधनों जैसे टेम्पो, निजी वाहन और दोपहिया का सहारा लेना पड़ा।

हड़ताल के कारण आसींद-गुलाबपुरा, आसींद-विजयनगर, आसींद-भीम, आसींद-उदयपुर, आसींद-जयपुर और आसींद-जोधपुर सहित कई रूटों पर बसों का आवागमन बंद रहा। निजी बस एसोसिएशन के सदस्य देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

स्थानीय लोग प्रशासन से आसींद और बदनोर क्षेत्र में रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में निजी बसों की हड़ताल से आमजन परेशान न हों।

Tags

Next Story