हमीरगढ़ में महाशिवरात्रि पर निकाली शोभायात्रा

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) कस्बे में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव की बारात गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई। कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरती यह शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।
शोभायात्रा में भगवान शिव, माता पार्वती, और उज्जैन की प्रसिद्ध मूर्ति भूतेश्वर महादेव की झाँकिया सजाई गई l डी जे की धुन पर युवा भक्त झूमते नजर आए। आयोजन में विशेष आकर्षण अघोरियों के हैरतअंगेज करतब रहे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
बारात की शुरुआत तालाब की पाल काशी विश्वनाथ मंदिर से हुई, जो मुख्य बाजार, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन तैनात रहा।
आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी महाशिवरात्रि पर भव्य आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की गई।
कस्बे में “हर-हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बन गया।
