मकरेड़ी पंचायत के आंट में अवैध खनन का विरोध: धमाकों से मकानों में दरारें, ग्रामीणों में भारी रोष

बिजौलिया (हलचल)। क्षेत्र की मकरेड़ी पंचायत के आंट इलाके में चरागाह और राजस्व भूमि पर हो रहे सेंड स्टोन खनन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे स्थित सरकारी भूमि पर दिन-रात भारी मशीनों से अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीण गोविल ने बताया कि खनन के दौरान किए जा रहे अवैध 'लाल बत्ती' विस्फोटों के कारण आसपास के रिहायशी मकानों में दरारें आने लगी हैं। रात के समय मशीनों के शोर और धमाकों की गूंज से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चरागाह भूमि पर इस तरह का हस्तक्षेप पर्यावरण और उनके मवेशियों के लिए भी घातक सिद्ध हो रहा है।
अधिकारी का पक्ष:
इस मामले पर माइनिंग फोरमैन गिरिराज मीणा ने कहा कि करीब चार महीने पहले आंट क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की थी और पंचनामा भी बनाया गया था। फिलहाल क्षेत्र में किसी नए अवैध खनन की जानकारी विभाग के पास नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त स्थान पर एक लीज होल्डर द्वारा नियमानुसार खनन कार्य किया जा रहा है। हालांकि, ग्रामीणों द्वारा की गई ताज़ा शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही मौका मुआयना किया जाएगा और यदि कोई अनियमितता पाई गई, तो उचित वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
