तेज हवा के साथ बारिश व ओले से अफीम, गेहूं, जौ व सरसों की फसल को नुकसान, क‍िसान च‍िंंत‍ित

X

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। दिनभर सामान्य रहे मौसम के बाद शाम होते-होते तेज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ही कहीं कहीं ओले ग‍िरे। इस अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। कई गांवों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है, विशेष रूप से अफीम की फसल प्रभावित हुई है।

क्षेत्र के खजिना, सवाईपुर, डसाणिया का खेड़ा, सोपुरा, जाटों का बडला तथा बन का खेड़ा सहित अन्य गांवों में तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिला। इन गांवों में इस समय अफीम की फसल पर चिरा लगाकर दूध संग्रह की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे समय में हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। जिन खेतों में चिरा लग चुका था, वहां बारिश का पानी भर जाने से एक दिन का पूरा अफीम दूध नष्ट हो गया।

किसानों का कहना है कि अफीम की खेती में समय और मेहनत दोनों अधिक लगते हैं। चिरा लगाने के बाद मौसम साफ रहना जरूरी होता है, ताकि दूध का संग्रह सही तरीके से हो सके। लेकिन अचानक आई बारिश के कारण दूध बह गया या खराब हो गया, जिससे सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है। कई किसानों ने बताया कि यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह अस्थिर रहा तो उत्पादन पर व्यापक असर पड़ सकता है।

तेज हवा के कारण कुछ स्थानों पर अन्य रबी फसलों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। हालांकि सबसे अधिक प्रभावित अफीम की खेती ही रही। किसानों ने प्रशासन से सर्वे करवाकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि पहले ही लागत बढ़ने और बाजार की अनिश्चितता के कारण खेती लाभकारी नहीं रह गई है, ऐसे में प्राकृतिक आपदा अतिरिक्त बोझ डाल रही है।

मौसम की इस अनिश्चितता ने क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल बना दिया है। दिन में गर्मी और शाम को अचानक बारिश जैसी स्थिति से फसल प्रबंधन कठिन हो गया है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि बदलते मौसम चक्र के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे किसानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी।

फिलहाल किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं और आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि बची हुई फसल को सुरक्षित रखा जा सके और आगे का उत्पादन प्रभावित न हो।

Next Story