सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे गिट्टी से ओवरलोड डंपर, हादसों का बढ़ा खतरा

रायपुर। रायपुर क्षेत्र की सड़कों पर इन दिनों गिट्टी से भरे ओवरलोड डंपर बेखौफ दौड़ते नजर आ रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। डंपरों से लगातार गिर रही गिट्टी के कारण सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है और हादसों की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन डंपरों में गिट्टी इतनी अधिक मात्रा में भरी जाती है कि चलते समय वह सड़क पर गिरती रहती है। तेज रफ्तार में पीछे आ रहे वाहनों पर यह गिट्टी बंदूक की गोली की तरह आकर लगती है, जिससे वाहनों के कांच टूटने और चालक के घायल होने का खतरा बना रहता है। ऐसी कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
कई बार डंपर का संतुलन बिगड़ने पर बड़ी मात्रा में गिट्टी एक साथ पीछे की ओर गिरने लगती है, जिससे पीछे चल रहे वाहन चालकों की जान पर बन आती है। सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण फिसलन भी बढ़ जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के गिरने की आशंका बनी रहती है।
लोगों का कहना है कि सड़कों पर इस तरह से बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई जरूरी है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इन ओवरलोड डंपरों पर अंकुश कौन लगाएगा और कब तक आम लोगों की जान जोखिम में डालकर यह सिलसिला चलता रहेगा।
