ग्राम पंचायत नारायण खेड़ा में दुर्गा देवी जाट ने पुनः संभाला प्रशासक का कार्यभार

रायपुर (भीलवाड़ा)। ग्राम पंचायत नारायण खेड़ा में प्रशासक पद को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच दुर्गा देवी जाट ने पुनः प्रशासक का कार्यभार संभाल लिया। जिला परिषद भीलवाड़ा के आदेशों की पालना में पंचायत कार्यालय में कार्यभार ग्रहण की औपचारिकताएं पूरी की गई।
कार्यभार ग्रहण के दौरान पंचायत कार्यालय में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की अपेक्षा जताई।
कार्यभार संभालने के बाद दुर्गा देवी जाट ने पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंचायत के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान कला देवी, सुमित्रा देवी, चेतना देवी, प्रकाश चंद्र, नर्मदा देवी, लक्ष्मण कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत नारायण खेड़ा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
