सड़क पर ‘सीवर झील’ और जिम्मेदार मौन! पीथाकाखेड़ा में PWD की लापरवाही से लोगों का फूटा गुस्सा

सड़क पर ‘सीवर झील’ और जिम्मेदार मौन! पीथाकाखेड़ा में PWD की लापरवाही से लोगों का फूटा गुस्सा
X

रायपुर (भीलवाड़ा) |रायपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत पीथाकाखेड़ा में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की घोर लापरवाही ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। गांव के कोट रोड स्थित पुरानी स्कूल चौराहे पर सड़क पिछले लंबे समय से गंदे पानी के स्थायी जमाव में तब्दील हो चुकी है। हालत यह है कि सड़क अब रास्ता कम और गंदे पानी की ‘सीवर झील’ ज्यादा नजर आने लगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई समय पर नहीं होने और पानी की निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी लगातार सड़क पर जमा रहता है। इसी रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और वाहन चालक गुजरते हैं, जिन्हें बदबू, कीचड़ और फिसलन का सामना करना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग और अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। दिनभर गंदे पानी से उठती दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारी फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।

ग्रामीणों में अब प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की निकासी, नालियों की सफाई और सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो वे मजबूर होकर आंदोलन और धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाएंगे।

सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे या बीमारी फैलने का इंतजार किया जा रहा है, या फिर जिम्मेदार विभाग समय रहते जागकर पीथाकाखेड़ा के लोगों को इस परेशानी से राहत देगा?

Next Story