राजस्थान बैडमिंटन संघ ने जारी किया सत्र 2026-27 का कैलेंडर; जयपुर से होगा आगाज़

जयपुर। राजस्थान बैडमिंटन संघ ने खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का इंतज़ार खत्म करते हुए सत्र 2026-27 के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं का आधिकारिक कैलेंडर घोषित कर दिया है। संघ के सचिव के.के. शर्मा ने बताया कि इस बार कैलेंडर को प्रतिभा खोज और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर केंद्रित रखा गया है।सत्र की शुरुआत 20 से 26 जुलाई तक जयपुर में 'राजस्थान स्टेट रैंकिंग टूर्नामेंट' (पुरुष, महिला व अंडर-19) से होगी। इसके बाद होने वाले अन्य मुकाबले इस प्रकार हैं:

अंडर-15 चैंपियनशिप: 26-30 अगस्त, डीआरएम अकादमी, जयपुर।

अंडर-17 वर्ग: 23-27 सितंबर, उदयपुर।

अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट: 16-21 सितंबर, श्रीगंगानगर।

अंडर-11 व 13 वर्ग: 21-25 अक्टूबर, चित्तौड़गढ़।

सीनियर स्टेट चैंपियनशिप: 24-30 नवंबर, बीकानेर।

मास्टर्स चैंपियनशिप: 10-14 फरवरी 2027, कोटा।

इनामी राशि में बढ़ोतरी और विशेष प्रोत्साहन

संघ ने खिलाड़ियों के लिए इनामी राशि बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये प्रति टूर्नामेंट कर दी है। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की गई है:

स्वर्ण पदक: 31,000 रुपये

रजत पदक: 21,000 रुपये

कांस्य पदक: 11,000 रुपये

महत्वपूर्ण निर्णय और सुविधाएं

अलवर में आयोजित साधारण सभा में अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में कई बड़े फैसले लिए गए। राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित करने वाले जिला संघों को राज्य संघ 1 लाख रुपये की सहायता देगा। पहली बार मास्टर्स वर्ग के राष्ट्रीय प्रतिभागियों को टी-शर्ट दी जाएगी। साथ ही, तकनीकी अधिकारियों का भत्ता अब भारतीय बैडमिंटन संघ के मानकों के अनुरूप होगा।

प्रतियोगिता शुल्क एकल के लिए 1000 रुपये और डबल्स के लिए 2000 रुपये निर्धारित किया गया है। नए जिलों के पुनर्गठन और संविधान संशोधन के लिए भी विशेष कमेटियां अधिकृत की गई हैं।

Next Story