परिवहन विभाग की ’दमनकारी’ नीतियों के खिलाफ राजस्थान के बस ऑपरेटर लामबंद, 24 को प्रदेशव्यापी चक्का जाम

भीलवाड़ा । राजस्थान के बस ऑपरेटरों ने परिवहन विभाग द्वारा अपनाए जा रहे ’भेदभावपूर्ण रवैये’ और मोटर व्हीकल एक्ट के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के विरोध में कल, 24 जनवरी 2026 को प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। बस ऑपरेटर एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्यनारायण साहू के आव्हान पर आयोजित इस हड़ताल के दौरान प्रदेश भर में निजी बसों के पहिये थमे रहेंगे।

एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता जगदीश चन्द्र ओझा (गुड्डू) ने बताया कि परिवहन आयुक्त द्वारा प्रदेश के कमर्शियल वाहनों, विशेषकर निजी बस ऑपरेटरों पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है।

विरोध के मुख्य बिंदु: (1) नियम विरुद्ध चालान: मोटर व्हीकल एक्ट में प्रावधान न होने के बावजूद निजी बसों के गलत चालान काटे जा रहे हैं, (2) अधिकारियों पर दबाव: आरटीओ, डीटीओ और निरीक्षकों को अवैध टारगेट दिए जा रहे हैं और टारगेट पूरा न होने पर उनकी आईडी बंद की जा रही है। (3) यात्रियों को परेशानी: रूट पर चल रही बसों से यात्रियों को बीच रास्ते उतारना जैसे कृत्य किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अमानवीय और नियम विरुद्ध हैं। (4) जंगला व सीढ़ी विवाद: स्टेज कैरिज बसों में जंगला और सीढ़ी लगी रहने का स्पष्ट प्रावधान होने के बाद भी जबरन इन्हें उतरवाया जा रहा है और वाहनों को सीज किया जा रहा है।

कल एक दिवसीय हड़ताल के दौरान राजस्थान की लोक परिवहन एवं स्टेज कैरिज बसें, कांटेक्ट कैरिज एवं उपनगरीय बसें, ग्रामीण एवं सिटी बसें, स्कूल एवं फैक्ट्री बसें आदि की बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार और परिवहन विभाग ने अपना अड़ियल रुख नहीं बदला, तो इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कल होने वाली असुविधा के लिए ऑपरेटरों ने जनता से सहयोग की अपील की है।

Tags

Next Story