राजस्थान के IPS केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा रचायेंगे शादी: 29 मार्च को जोधपुर में होंगे फेरे

भीलवाड़ा। राजस्थान मूल के जांबाज आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में संभल (यूपी) के एसपी कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई जल्द ही विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। वे आगामी 29 मार्च को बरेली (यूपी) की एसपी अंशिका वर्मा के साथ सात फेरे लेंगे। इस हाई-प्रोफाइल शादी की रस्में उत्तर प्रदेश से लेकर राजस्थान के बाड़मेर और जोधपुर तक आयोजित की जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, केके बिश्नोई मूलतः बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना के निवासी हैं, वहीं अंशिका वर्मा प्रयागराज (यूपी) के सिविल लाइंस इलाके की रहने वाली हैं। दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत साल 2023 में गोरखपुर में पोस्टिंग के दौरान हुई थी। उस समय केके बिश्नोई वहां एसपी सिटी के पद पर तैनात थे और अंशिका अंडर ट्रेनिंग आईपीएस ऑफिसर के रूप में कार्य कर रही थीं।
सगाई से लेकर रिसेप्शन तक का कार्यक्रम:
शादी समारोह की शुरुआत 25 मार्च को संभल में सगाई के साथ होगी, जिसमें केवल परिवार के नजदीकी सदस्य शामिल होंगे। केके बिश्नोई के भाई और जोधपुर में तैनात आरएएस अधिकारी भजनलाल बिश्नोई ने बताया कि संगीत और हल्दी की रस्में पैतृक गांव धोरीमन्ना में संपन्न होंगी, जबकि मुख्य विवाह समारोह और रिसेप्शन जोधपुर में आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि केके बिश्नोई 2018 बैच के और अंशिका वर्मा 2021 बैच की होनहार आईपीएस अधिकारी हैं। दोनों की इस नई पारी को लेकर उनके गृहनगर और महकमे में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
