रामधाम में 26 को मनेगा राम जन्मोत्सव, सजेगी छप्पन भोग की मनोहारी झांकी

भीलवाड़ा । श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट की ओर से हमीरगढ़ रोड स्थित रामधाम विरक्ताश्रम में आयोजित 71वें श्रीरामचरितमानस नवाह्न पारायण महायज्ञ अपने चरम पर है। महोत्सव के तहत आगामी 26 मार्च (रामनवमी) को रामधाम में भव्य राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। ट्रस्ट के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि 26 मार्च को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मध्याह्न 12:15 बजे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर समूचा परिसर महाआरती और 'भये प्रगट कृपाला' के भजनों से गुंजायमान होगा। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में उसी दिन सायं 6:00 बजे भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे और विशेष मनोहारी झांकी सजाई जाएगी। सचिव ने बताया कि अभी 150 से अधिक श्रद्धालु पीत वस्त्रों में सस्वर मानस पाठ कर रहे हैं। हाल ही में विभिन्न प्रसंगों से समूचा वातावरण जीवंत हो उठा। व्यास पीठ से माण्डल के घनश्याम उपाध्याय द्वारा प्रसंगों की व्याख्या की जा रही है। नौ दिवसीय इस महायज्ञ का समापन 27 मार्च को प्रातः 10:00 बजे होगा। आचार्य पं. रामू शर्मा के निर्देशन में महायज्ञ की भव्य पूर्णाहुति दी जाएगी। ट्रस्ट द्वारा पारायण की गरिमा बनाए रखने के साथ-साथ बुजुर्गों और शारीरिक रूप से अक्षम भक्तों के लिए टेबल-कुर्सी की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि वे बिना किसी बाधा के भक्ति का लाभ उठा सकें।
