रामलाल जाट 27 नवंबर को भीलवाड़ा ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पदभार संभालेंगे

भीलवाड़ा। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा नवनियुक्त भीलवाड़ा ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूर्व मंत्री रामलाल जाट 27 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे।
पूर्व मंत्री जाट अशोक गहलोत सरकार में दो बार मंत्री रहे हैं। गहलोत के खास सिपहसालारों में शुमार जाट ने 2008 में मांडल सीट से विधानसभा चुनाव जीता और वन, पर्यावरण एवं खनिज राज्य मंत्री बने। 2013 में वे आसींद से चुनाव हार गए। जाट 2018 में मांडल से चुनाव जीते और राजस्व मंत्री बने। फिर 2023 में मांडल से ही भाजपा के उदयलाल भडाना से चुनाव हार गए।
कांग्रेस आलाकमान ने पूर्व मंत्री जाट को ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनाकर संगठन की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। जाट न केवल गहलोत बल्कि पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व पीसीसी चीफ, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व भीलवाड़ा सांसद रह चुके डॉ. सीपी जोशी के भी करीबी रहे हैं। जाट ने बताया कि वे गुरुवार सुबह 11 बजे कांग्रेस के पूर्व विधायकों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नया दायित्व संभालेंगे।
उधर, भीलवाड़ा शहर जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक (जीपी) ने बताया कि वे आज पदभार ग्रहण करने का मुहूर्त निकालवाएंगे। यदि अच्छा मुहूर्त हुआ तो कल ही पदभार ग्रहण करेंगे। खटीक कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के गुट से हैं। धीरज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के करीबी माने जाते हैं। उन्हीं के वीटो की वजह से शिवराम को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली।
शिवराम उर्फ जीपी 40 साल से कांग्रेस की शहरी राजनीति में सक्रिय हैं। उनकी पत्नी समदूदेवी खटीक वर्तमान में पार्षद हैं। जीपी खटीक उप नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। पिछले तीन कार्यकाल से उनकी पत्नी पार्षद हैं।
