रसधारा का नाट्य समारोह, दिल्ली से रंग रथ यात्रा पहुंचेगी भीलवाड़ा

भीलवाड़ा शहर में 3 दिन तक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली के रंग मंडल द्वारा नाटकों का मंचन किया जाएगा रसधारा सांस्कृतिक संस्थान, जिला प्रशासन भीलवाड़ा एवं लायंस क्लब भीलवाड़ा स्टार के संयुक्त तत्वाधान में यह आयोजन हो रहा है। रसधारा सांस्कृतिक संस्थान ने भीलवाड़ा में लगातार नाट्य महोत्सव करवाकर भीलवाड़ा में नाटकों के मंचन से शहर में कला का माहौल बना रखा है। हाल ही में जनवरी में रसधारा संस्थान द्वारा हुए 4 दिवसीय नाट्य महोत्सव को दर्शकों ने बहुत सराहा उसके तुरंत बाद एक और नाट्य महोत्सव भीलवाड़ा शहर के लिए गौरव की बात है।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली की रिपेट्री द्वारा एक माह तक राजस्थान में अलग-अलग जगह पर नाट्य मंचन किया जा रहा है। रंग मस्ताने संस्था द्वारा रंग राजस्थान - रंग रथ यात्रा का आयोजन प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस रंगरथ को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर 23 फरवरी को राजस्थान के लिए रवाना किया जो एक माह तक राजस्थान में प्रस्तुतियां देंगे । इसी क्रम में यह रथ यात्रा बीकानेर से शुरू होकर जयपुर, अजमेर होती हुई भीलवाड़ा 11 तारीख को पहुंचेगी। जिसमें 12 मार्च को भीलवाड़ा में नाटक - अंधा युग 13 मार्च को नाटक - माई री का से कहूं और अंतिम दिन 14 मार्च को नाटक - बाबूजी का मंचन किया जाएगा। रसधारा के सचिव रवि ओझा ने बताया कि इस समारोह में देश के विख्यात रंग निर्देशकों के नाटकों को सम्मिलित किया है जिससे भीलवाड़ा के नाट्य प्रेमी दर्शकों को नाट्य कला के विभिन्न रंग देखने का अवसर मिलेगा ।
