भ्रष्टाचार की खबर दिखाना पत्रकार को पड़ा भारी, घर में घुसकर जानलेवा हमला

भीलवाड़ा/आसिंद। क्षेत्र में पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमले का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत मोतीपुर की अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक अनदेखी को उजागर करने वाले एक स्थानीय पत्रकार पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया है। आरोप है कि खबर प्रकाशित होने से नाराज रसूखदारों ने आधी रात को साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया।
खबर से उपजी रंजिश, रात के अंधेरे में घेरा
जानकारी के अनुसार, जबरकिया निवासी पत्रकार भेरूलाल गुर्जर ने दो दिन पूर्व मोतीपुर पंचायत के धोली गांव में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस खुलासे से क्षुब्ध होकर रविवार रात करीब 10:40 बजे, जब पत्रकार अपने घर की ओर जा रहे थे, तब हमलावरों ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया।
लाठी-सरियों से लैस थे हमलावर
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों में मोतीपुर सरपंच का देवर ओमप्रकाश जाट, सहायक सचिव रामेश्वर लाल जाट, पूरणमल जाट, रामाजी खेड़ा, हरफुल रायका, दहीचंद जाट, पुरण गिरी, राजू वैष्णव, राजू मेवाड़ा और हसराज जाट सहित 20 से 25 अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। आरोप है कि इन लोगों ने लाठियों और लोहे के सरियों से पत्रकार पर हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर पत्रकार की जान बचाई।
पुरानी शिकायतों पर कार्रवाई न होने से बढ़े हौसले
उल्लेखनीय है कि भेरूलाल गुर्जर ने कुछ माह पूर्व भी इन्हीं आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट थाने में दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने अब लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
