डिवाइडर में कट न होने पर भड़के कॉलोनीवासी, टेंट लगाकर किया रोड जाम

भीलवाड़ा। शहर की शारदा कॉलोनी, विराटनगर, पारसमणी, रुक्मणी, सरस्वती विहार, उगम विहार और बिश्नोई खेड़ा के निवासियों ने 80 फीट रोड पर यूआईटी द्वारा बनाए जा रहे डिवाइडर के विरोध में चक्काजाम कर दिया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि शारदा चौराहे से लेकर 200 फीट चौराहे तक डिवाइडर में कहीं भी कट नहीं रखा गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होगी। इसी मांग को लेकर स्थानीय लोग एकजुट होकर कट छोड़ने की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कॉलोनीवासियों ने यूआईटी में ज्ञापन भी सौंपा था। इसके बाद यूआईटी अधिकारी मौके पर पहुंचे और सोमवार तक काम बंद रखने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ठेकेदार ने मनमानी करते हुए बीच में ही काम फिर से शुरू कर दिया। जब स्थानीय लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो ठेकेदार ने काम रोका, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने आज सड़क पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक डिवाइडर में कट नहीं दिया जाता, यह धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
