राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघ चालक अग्रवाल ने रामस्नेही चिकित्सालय, भीलवाड़ा का किया अवलोकन

**भीलवाड़ा।** स्थानीय रामस्नेही चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र का आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र के संघ चालक डॉ. रमेश चंद्र अग्रवाल ने अवलोकन किया। उनके साथ विभाग संघ चालक चांदमल सोमानी भी उपस्थित रहे।
रामस्नेही चिकित्सालय के चिकित्सा प्रभारी सतीश भदादा ने बताया कि यह चिकित्सालय अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय, शाहपुरा द्वारा संचालित राम निवास धाम ट्रस्ट का एक महत्वपूर्ण प्रकल्प है। डॉ. अग्रवाल, जो स्वयं जयपुर में ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल संचालित करते हैं तथा वर्तमान में संघ के क्षेत्र संघ चालक का दायित्व निभा रहे हैं, ने चिकित्सालय के नेत्र, ऑर्थो, न्यूरो, रेडियोलॉजी, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी और जनरल सर्जरी सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।
डॉ. अग्रवाल ने रामस्नेही कॉलेज ऑफ नर्सिंग का भी दौरा किया तथा नर्सिंग विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने चिकित्सालय के अध्यक्ष स्वामी 1008 रामदयाल महाराज को नमन करते हुए कहा कि महाराज द्वारा धर्म सेवा के साथ-साथ रोगग्रस्त मानवता की सेवा हेतु उठाया गया कदम वंदनीय है। उन्होंने कहा कि महाराज के आशीर्वाद से हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "आरोग्य भारत - विकसित भारत" संकल्प को साकार करना है।
उन्होंने चिकित्सालय की प्रबंध समिति, डॉक्टरों और समस्त स्टाफ को साधुवाद देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और सेवा भावना का ही परिणाम है कि आचार्य द्वारा लगाया गया यह पौधा आज रोगियों के लिए जीवनदायिनी बन चुका है।
इससे पूर्व डॉ. अग्रवाल और सोमानी के आगमन पर चिकित्सालय की प्रबंध समिति एवं डॉक्टरों द्वारा उनका शॉल और उपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर डॉ. सतीश पांडे ने उन्हें रामचरण महाराज का चित्र भेंट किया।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य जगदीश चंद्र सोमाणी, रतनलाल दरगड़, रमेश बाल्दी, सतीश भदादा, गोपाल जागेटिया, पुरुषोत्तम गगराणी, सुनील सोमानी, डॉ. सतीश चंद्र पांडे, डॉ. सुरेश भदादा, रामद्वारा धाम भीलवाड़ा के रमेश राठी, जगदीश लढ़ा तथा रामस्नेही सत्संगी परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित थे।
