RTE एडमिशन: अभिभावकों को बड़ी राहत,: अब 10 मार्च तक कर सकेंगे आवेदन; 12 को निकलेगी लॉटरी

भीलवाड़ा/बीकानेर। शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर निशुल्क प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 10 मार्च 2026 कर दिया है। पूर्व में यह समय सीमा 4 मार्च तक ही थी।
छुट्टियों के कारण लिया गया निर्णय
शिक्षा विभाग ने यह फैसला त्यौहारों के सीजन में आए सरकारी अवकाशों को देखते हुए लिया है। आवेदन प्रक्रिया के दौरान 22 फरवरी और 1 मार्च को रविवार, जबकि 2 मार्च को होली और 3 मार्च को धुलंडी का अवकाश रहा। कई क्षेत्रों में 4 मार्च को भी स्थानीय अवकाश होने के कारण अभिभावकों को ई-मित्र और सर्वर संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इन बाधाओं को देखते हुए निदेशालय बीकानेर के आरटीई प्रभारी चंद्रकिरण ने तिथि बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं।
13 दिनों में 5 लाख से अधिक आवेदन
प्रदेश भर में आरटीई के प्रति जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। 20 फरवरी से शुरू हुई प्रक्रिया में शुरुआती 13 दिनों के भीतर ही लगभग 5 लाख आवेदन पोर्टल पर प्राप्त हो चुके हैं। अंतिम तिथि बढ़ने से अब इस संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
लॉटरी की तारीख में भी बदलाव
आवेदन की समय सीमा बढ़ने के साथ ही अब वरीयता क्रम (लॉटरी) निर्धारण की तिथि में भी संशोधन किया गया है:
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 10 मार्च 2026
ऑनलाइन लॉटरी (वरीयता निर्धारण): 12 मार्च 2026 (पहले यह 6 मार्च को प्रस्तावित थी)
अभिभावक अब आरटीई पोर्टल के माध्यम से अपने बच्चों का पंजीकरण समय रहते सुनिश्चित कर सकते हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
