शंभूगढ़ के साहू ने रचा इतिहास, राजस्थान में प्राप्त किया प्रथम स्थान

भीलवाड़ा जिले के शंभूगढ़ कस्बे के निवासी प्रकाश साहू (पुत्र स्व. कन्हैया लाल साहू) ने राजस्व अधिकारी / अधिशासी अधिकारी भर्ती परीक्षा 2025 में संपूर्ण राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस गौरवपूर्ण सफलता ने पूरे क्षेत्र को गर्व से भर दिया है।
प्रकाश साहू का यह सफर संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। LDC बनने से पहले उन्होंने कई वर्षों तक कठिन परिश्रम और सीमित संसाधनों में रहकर पढ़ाई की। फिर वे एलडीसी पद पर चयनित हुए, उसके बाद शिक्षक पद पर भी नियुक्त हुए और वर्तमान में केरिया खेड़ा में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
सरकारी सेवा में रहते हुए भी उन्होंने अपने अध्ययन और तैयारी को जारी रखा। लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने EO/RO जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जो उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिचायक है।
इस उपलब्धि से परिवारजनों, रिश्तेदारों और पूरे शंभूगढ़ कस्बे में खुशी की लहर है। यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि अगर संकल्प मजबूत हो और मेहनत निरंतर हो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं।