राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ में भीलवाड़ा की संजू शर्मा ने जीता कांस्य, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

भीलवाड़ा। अजमेर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में 38वीं राज्यस्तरीय अंतर महाविद्यालय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले की नारायणी देवी महिला शारीरिक प्रशिक्षण महाविद्यालय की छात्रा संजू शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गंगापुर निवासी संजू शर्मा ने 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कांस्य पदक हासिल किया। यह जानकारी महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षक किशन सिंह बारहठ ने दी।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ ही संजू शर्मा का चयन राष्ट्रीय स्तर की क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन आगामी दिनों में हरियाणा में होगा, जिसमें संजू शर्मा राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। संजू शर्मा की इस सफलता पर महाविद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
