सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट का चुनाव संपन्न: सोडानी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

भीलवाड़ा । श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट की कार्यकारिणी के सत्र 2026-29 के लिए निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार को शास्त्री नगर स्थित भारत विकास भवन में संपन्न हुई। चुनाव पर्यवेक्षक चांदमल सोमानी की देखरेख में आयोजित इस प्रक्रिया में गोविंद प्रसाद सोडानी को सर्वसम्मति से ट्रस्ट का नया अध्यक्ष चुना गया। निर्वाचन के दौरान सर्वसम्मति की परंपरा को कायम रखते हुए कैलाश चंद्र डाड को महामंत्री और चंद्रप्रकाश आगाल को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों ने सांवरिया सेठ के जयकारों के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक चांदमल सोमानी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद की गरिमा और दायित्वों का बोध कराया। उन्होंने कहा, "ट्रस्ट के नए दायित्वधारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर 'टोली की भावना' से जुड़ें। जब हम मर्यादित तरीके से सेवा कार्य करते हैं, तो यश-कीर्ति के साथ सांवरिया सेठ की महिमा भी बढ़ती है।" मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भाई ने आगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माधव गौशाला परिसर में निर्माणाधीन नर्बदेश्वर महादेव मंदिर को विद्वान और समर्पित लोगों के सहयोग से भव्य स्वरूप प्रदान करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
साधारण सभा में प्रस्तुत हुआ लेखा-जोखा
चुनाव से पूर्व आयोजित साधारण सभा में महामंत्री कैलाश डाड ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें वर्षभर आयोजित हुई 8 बड़ी गतिविधियों और प्रमुख उत्सवों की समीक्षा की गई। वहीं, चंद्रप्रकाश आगाल ने ट्रस्ट का आय-व्यय का ब्यौरा सदन के सम्मुख रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
