सर्दी घणी लागे रे': राजस्थानी भजनों पर थिरकीं सखियां, भक्ति के रंग में रंगा सांवरिया मंदिर

भीलवाड़ा | शहर की आरसी व्यास कॉलोनी स्थित 6 सेक्टर के महिला मंडल का सोमवार को भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला। श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट की प्रेरणा से सांवरिया मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भक्त मंडल की महिलाओं ने ठाकुर जी के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट की। कड़कड़ाती ठंड के बीच भक्तों ने भगवान को गरमा-गरम पौष बड़े का भोग लगाया और भजनों की स्वर लहरियों पर नृत्य कर माहौल को कृष्णमय कर दिया।

सांस्कृतिक व आध्यात्मिक आयोजन

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान सांवलिया सेठ के विधिवत पूजन व आरती के साथ हुई। भक्त मंडल की सखियों ने पारंपरिक वेशभूषा में एकत्रित होकर भगवान के विग्रह के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद पौष मास की परंपरा का निर्वहन करते हुए विशेष रूप से तैयार 'पौष बड़े' का भोग लगाया गया।

भजनों पर झूमी महिलाएं

भजन संध्या का मुख्य आकर्षण महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए राजस्थानी लोक भजन रहे। विशेष रूप से जब महिलाओं ने भगवान कृष्ण के प्रति अपना लाड जताते हुए भजन "ओढ़ ले गोपाल रजाई, सिया म्हाने लागे लो... मन वृंदावन सूतल मंगा दे म्हारा सांवरिया, सर्दी घणी लागी रे" गाया, तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान पुष्पा अजमेरा, विमला सोमानी, मीनू जैन और रेखा चेचानी सहित अन्य महिलाओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया।

गौ-सेवा और सामाजिक सरोकार

धर्म के साथ कर्म को जोड़ते हुए भक्त मंडल की महिलाओं ने गौ-सेवा का भी संकल्प लिया। भजन कीर्तन के पश्चात रचना बंब, सुनीता डांगी, सरोज झांवर, कृष्णा बिड़ला और ज्योति बिड़ला ने मिलकर गायों को गुड़ खिलाया। इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि सांवरिया सेठ की भक्ति तभी पूर्ण होती है जब हम जीव मात्र की सेवा करते हैं।

इस पूरे आयोजन में पार्वती लड्ढा और सुमन बाहेती का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मोहल्ले वासियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से न केवल धार्मिक संस्कार पुख्ता होते हैं, बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारा भी बढ़ता है।

Next Story