School timings changed from today; organization's demand not accepted

भीलवाड़ा हलचल , राजस्थान के सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों का समय आज 1 अक्टूबर से बदल गया है। सर्दी की दस्तक के साथ हर साल यह परंपरा चलती आ रही है। इस बार शिक्षा विभाग ने शिविरा पंचांग के मुताबिक तय तारीख पर ही नया टाइमटेबल लागू कर दिया।
अब स्कूल कब लगेंगे?
एकल पारी वाले स्कूल अब सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
दो पारी वाले स्कूलों में पहली पारी सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक और दूसरी पारी 12:30 से शाम 5:30 बजे तक रहेगी।
यानी दोनों पारियों में अब आधा-आधा घंटा कम पढ़ाई होगी।
बदलाव की वजह
ग्रामीण इलाकों में बच्चों को घर से दूर तक पैदल या वाहन से स्कूल जाना पड़ता है। ऐसे में सर्दियों में अंधेरा होने से पहले उन्हें घर पहुंचाना ज़रूरी हो जाता है।
संगठन की नहीं मानी गई
हर साल की तरह इस बार भी शिक्षक संगठनों ने 1 अक्टूबर की जगह 16 अक्टूबर से बदलाव की मांग रखी। देर रात तक आदेश का इंतज़ार भी हुआ, लेकिन माध्यमिक शिक्षा निदेशालय अपने फैसले पर अडिग रहा।
प्राइवेट स्कूलों का अलग खेल
सरकारी आदेशों से अलग, प्राइवेट स्कूलों में अपनी मर्जी चलती है। सर्दियों में जहां टाइम सुबह 10 से शाम 4 होना चाहिए, वहीं अधिकांश प्राइवेट स्कूल महज़ एक घंटा देर से खुलते हैं। दिसंबर-जनवरी की कड़ाके की ठंड में भी कई बार बच्चों को सुबह 8 बजे तक स्कूल जाना पड़ता है।
