महिला जागरूकता कार्यक्रम के तहत वीर शिवाजी शाखा में आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन

भीलवाड़ा |महिला जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत वीर शिवाजी शाखा द्वारा स्थानीय हरी सेवा संस्कृत शिक्षक प्रशिक्षण विद्यालय में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संत माया राम की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम गीत के साथ हुआ। परिषद के अमित सोनी, रजनीकांत आचार्य, सुमित जागेटिया, सुभाष मोटवानी, कमलेश बोड़ाना और डॉ. रूपा पारीक ने उद्घाटन में सहभागिता की।
शिविर में प्रशिक्षक विनीता तापड़िया महिलाओं और छात्राओं को दैनिक जीवन में काम आने वाली आत्मरक्षा तकनीकों का अभ्यास कराएंगी। यह प्रशिक्षण महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा क्षमता विकसित करने पर केंद्रित है। विद्यालय के मोहन लाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संस्था सचिव ईश्वर लाल असनानी और प्रधानाचार्य श्याम लाल सांगावत ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में परिषद के विविध प्रकल्पों की जानकारी वरिष्ठ सदस्य रजनीकांत ने दी। संत माया राम ने शिविर का अवलोकन कर भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रकल्प प्रभारी डॉ. रूपा पारीक के अनुसार शिविर में विद्यालय के 74 बालक-बालिकाओं को दंड विद्या, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य और संस्कारों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आयोजन का संचालन शाखा सचिव कमलेश बोड़ाना ने किया। अंत में शाखा अध्यक्ष सुभाष मोटवानी ने प्रशिक्षक विनीता तापड़िया और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में परिषद और शाखा के कई पदाधिकारियों और विद्यालय स्टाफ ने सहयोग प्रदान किया।
