स्व. विजय जैन मेमोरियल दौड़ प्रतियोगिता संपन्न

भीलवाड़ा । भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की खेल विकास योजना के अंतर्गत आयोजित स्वर्गीय विजय जैन मेमोरियल दौड़ प्रतियोगिता उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। वार्षिक परीक्षाओं के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 200 नन्हें बच्चों ने भाग लेकर खेलों के प्रति अपना अभूतपूर्व उत्साह प्रदर्शित किया। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों का उत्साह भी चरम पर देखने को मिला।
प्रतियोगिता में विधायक कार्यालय से बाबूलाल टाक और पृथ्वीराज सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने नन्हें खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक खेल विकास योजना के प्रभारी अजीत जैन और विधायक खेल विकास योजना संयोजक विवेक निमावत के अथक प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर बाबूलाल टाक ने कहा कि विधायक अशोक कुमार कोठारी की यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस उम्र में बच्चों का भविष्य आकार लेता है, इसलिए मोबाइल से दूर रखते हुए उन्हें आउटडोर खेलों के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि आने वाले समय में भीलवाड़ा का नाम अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ खेलों में भी रोशन हो सके।
प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले के दातड़ा और हुरड़ा में संचालित एथलेटिक्स अकादमी के बच्चों ने भी भाग लिया और दोनों गांवों के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
कार्यक्रम में वीर सेवा संघ, दिगंबर जैन समाज संस्था के 50 खिलाड़ियों तथा भीलवाड़ा विधायक खेल विकास योजना के 100 बच्चों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्व. विजय जैन के परिवार से राजकमल जैन, डॉ. संघर्ष जैन, नमिता जैन, वीर सेवा संघ के सुभाष हूमड़, जय लुहाड़िया, दिनेश जैन, जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत, भीलवाड़ा साइकिल क्लब के अरुण मुच्छाल और राकेश सक्सेना ने बच्चों को पारितोषिक वितरित किए।
साथ ही भीलवाड़ा विधायक खेल विकास योजना के प्रशिक्षक दिनेश सोलंकी, मनीषा सोलंकी और पलक राजपूत का विशेष रूप से सम्मान किया गया।
