शीतला सप्तमी 2026: कल मनाया जाएगा बासोड़ा पर्व, आरोग्य और सुख-समृद्धि के लिए आज ही तैयार होगा 'ठंडा भोग'

भीलवाड़ा। हिंदू पंचांग के अनुसार, शीतलता और आरोग्य की देवी माता शीतला को समर्पित शीतला सप्तमी का पर्व इस वर्ष 11 मार्च 2026, को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। भीलवाड़ा सहित देश के कई हिस्सों में इसे 'बासोड़ा' के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन माता की पूजा करने से परिवार में बीमारियां दूर रहती हैं और विशेषकर बच्चों को त्वचा संबंधी रोगों से मुक्ति मिलती है।
आज10मार्च) को तैयार होगा माता का भोग
शीतला सप्तमी की सबसे अनूठी परंपरा यह है कि इस दिन घर में चूल्हा नहीं जलाया जाता। इसलिए, सप्तमी की पूजा के लिए एक दिन पूर्व यानी आज ही मीठे चावल, पूड़े, रोटियां, राबड़ी और अन्य पकवान तैयार कर लिए जाएंगे। अगले दिन माता को इसी 'बासी' भोजन का भोग लगाया जाएगा और परिवार के सदस्य भी इसे ही प्रसाद के रूप में ग्रहण करेंगे।
क्यों नहीं जलाते इस दिन चूल्हा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शीतला माता को ठंडी चीजें अत्यंत प्रिय हैं। बासी भोजन अर्पित करने के पीछे वैज्ञानिक और आध्यात्मिक कारण यह है कि ऋतु परिवर्तन के इस समय में शीतल भोजन करने से शरीर का तापमान संतुलित रहता है। माना जाता है कि इस दिन घर में आग न जलाने से परिवार में सुख-शांति और शीतलता बनी रहती है।
माता शीतला पूजन सामग्री की सूची
पूजा के शुभ फल की प्राप्ति के लिए भक्तों को निम्नलिखित सामग्री के साथ माता की आराधना करनी चाहिए:
पकवान: पूड़े, मीठे चावल, पूरी, सात कच्ची-पक्की रोटियां।
अनाज एवं अन्य: चने की दाल, भीगे हुए काले चने, आटा और गुड़।
अर्पण: कच्चा दूध, शुद्ध जल, बिलौने (कपास), बताशे और खील।
वस्त्र: माता के लिए साड़ी, बच्चों के नए कपड़े और दक्षिणा (पैसे)।
शीतला सप्तमी व्रत के विशेष लाभ
आरोग्य की प्राप्ति: माता शीतला की कृपा से चेचक (माता), खसरा, फोड़े-फुंसी और त्वचा रोगों से रक्षा होती है।
बच्चों की सुरक्षा: यह व्रत विशेष रूप से बच्चों की लंबी उम्र और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए किया जाता है।
दान-पुण्य: इस दिन गरीबों को भोजन कराना और पशु-पक्षियों की सेवा करना अत्यंत शुभ माना गया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
