शिव-पार्वती विवाह महोत्सव 5 को,शिवजी की बारात होगी मुख्य आकर्षण

भीलवाड़ा,। शहर धार्मिक आस्था और उत्सव के रंग में सराबोर होने जा रहा है। विजय सिंह पथिक नगर, महिला आश्रम गर्ल्स कॉलेज के पीछे, आर-52 स्थित परिसर में आगामी 5 नवंबर बुधवार को 'शिव-पार्वती विवाह' का भव्य मांगलिक आयोजन किया जा रहा है। आयोजक नीलम एवं दिनेश शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम 4:15 बजे से निंबार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री के सान्निध्य में शिवजी की बारात निकाली जाएगी, जो इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगी। बारात में भक्तगण भूत, प्रेत और गण आदि का रूप धरकर नाचते-गाते हुए पथिक नगर पहुँचेंगे। मोहल्ले के सभी भक्तगण अपने घरों पर दीप प्रज्वलित कर, मंगल गीत गाते हुए और पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद, विवाह की रस्में विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराई जाएंगी। विवाह के पावन अवसर पर उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात, महंत मोहन शरण शास्त्री शिव-पार्वती विवाह का महात्म्य भक्तों को बताएंगे।
विवाह समारोह के उपरांत, शाम 7:15 बजे सभी भक्तों के लिए 'भोजन प्रसादी' की व्यवस्था की गई है।
