राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बड़लियास में गंभीर अनियमितताओं पर प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस

बड़लियास ( रोशन वैष्णव)
बड़लियास | दिनांक 09 फरवरी 2026 - मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, कोटड़ी (जिला भीलवाड़ा) अशोक कुमार पारीक द्वारा दिनांक 09.02.2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़लियास का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्तर पर गंभीर अनियमितताएँ एवं अनुशासनहीनता पाई गई।
निरीक्षण में विद्यालय परिसर में अत्यधिक गंदगी, छात्रों के मूत्रालयों की जर्जर व अस्वच्छ स्थिति, सूखी टहनियों का निस्तारण न होना, कक्षा-कक्षों व सभागार की बदहाल दशा तथा श्यामपट्टों की खराब स्थिति सामने आई। पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध होने के बावजूद विद्यार्थियों को फर्श पर बैठाने, प्राथमिक कक्षाओं को एक ही हॉल में संचालित करने तथा विषयाध्यापकों की उपस्थिति के बावजूद कक्षाओं के रिक्त पाए जाने जैसे गंभीर तथ्य उजागर हुए।
शैक्षणिक स्तर पर छात्रों की वर्कबुक की नियमित जांच न होना, अग्रिम तिथियों के हस्ताक्षर, अपूर्ण पाठ्यकार्य, निजी प्रकाशकों की पुस्तकों का वितरण, तथा छात्रों का समग्र शैक्षणिक स्तर असंतोषजनक पाया गया। पुस्तकालय कक्ष पूर्णतः अव्यवस्थित एवं अनुपयोगी स्थिति में पाया गया जबकि विद्यालय में पूर्णकालिक पुस्तकालयाध्यक्ष पदस्थ हैं। वित्तीय एवं विद्यालय विकास कोष की कैशबुक में गंभीर त्रुटियाँ तथा कैशबुक का विद्यालय में उपलब्ध न होना शामिल है। इसके अतिरिक्त विद्यालय भवन की गरिमा के विपरीत गतिविधियों की भी जानकारी सामने आई।
उपरोक्त तथ्यों के आधार पर प्रधानाचार्य को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं गंभीर अनियमितताओं के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिवस के भीतर स्पष्ट, तथ्यात्मक एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में उत्तर प्राप्त न होने अथवा असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के अंतर्गत विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
