श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट, कर रहा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां

भीलवाड़ा | श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट की ओर से हमीरगढ़ रोड पर स्थित रामधाम वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बं गया है। यह पावन धाम संतों और महात्माओं के लिए आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था प्रदान करने के साथ-साथ अनेक सेवा कार्यों में भी सक्रिय रूप से संलग्न है। रामधाम में वर्षभर अनेक प्रमुख गतिविधियां निरंतर चलती रहती हैं। यहाँ विभिन्न उत्सवों का आयोजन किया जाता है, जिनमें रामनवमी महोत्सव विशेष रूप से उल्लेखनीय है। प्याऊ के माध्यम से निरंतर जल सेवा उपलब्ध कराई जाती है और जरूरतमंदों के लिए नियमित रूप से अन्न क्षेत्र का संचालन किया जाता है। गौसेवा के अंतर्गत पशुओं को नियमित रूप से दाना खिलाया जाता है, और गौशाला का संचालन कर गौ सेवा को विशेष महत्व दिया जाता है। भक्तों के जन्मदिन एवं स्मृति दिवस पर गायों को लापसी खिलाने की व्यवस्था है। प्रतिदिन रामचरित मानस का नियमित पाठ किया जाता है, और प्रत्येक पूर्णिमा तथा विशेष स्मृति दिवसों पर यज्ञ एवं हवन का आयोजन होता है। गीता जयंती पर अखंड गीता पाठ और प्रवचनों का आयोजन किया जाता है, साथ ही गीता के शुद्ध उच्चारण हेतु नियमित पाठ की व्यवस्था भी है। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर नवाहपारायण पाठ का आयोजन किया जाता है, और श्रावण तथा भादव मास में संतों द्वारा विशेष चातुर्मास प्रवचनों का आयोजन होता है। भारतीय नववर्ष के अवसर पर विशेष उत्सव मनाया जाता है, और प्रत्येक प्रदोष पर शिवालय में भगवान शिव का अभिषेक किया जाता है। धार्मिक साहित्य के अध्ययन हेतु एक वाचनालय संचालित है, तथा रामनाम लेखन के इच्छुक भक्तों के लिए रिक्त पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। अन्नकूट महोत्सव, जन्माष्टमी, गोपाष्टमी और गीता जयंती जैसे सभी पर्व यहाँ धूमधाम से मनाए जाते हैं। संत तुलसीदास जी की जयंती पर रामचरितमानस का अखंड पारायण किया जाता है। साप्ताहिक रामायण पाठ के साथ सत्संग प्रवचन और अन्नदान भी होता है, और प्रत्येक मंगलवार की रात्रि में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाता है। ट्रस्ट के प्रवक्ता गोविंद प्रसाद सोडाणी एवं साप्ताहिक रामायण पाठ प्रभारी शिव प्रकाश लाठी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा इस रविवार साप्ताहिक रामायण पाठ 29 जून को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक बड़े मंदिर के पास गोपालद्वारा मंदिर में होगा। सभी धर्मप्रेमी बंधु इस पावन अवसर पर सादर आमंत्रित हैं।

Tags

Next Story