श्री सांवरिया सेठ ने भरा नानी बाई का छप्पन करोड़ का मायरा

श्री सांवरिया सेठ ने भरा नानी बाई का छप्पन करोड़ का मायरा
X

भीलवाड़ा। कमला विहार स्थित राधाकृष्ण मंदिर पार्क में आयोजित नानी बाई रो मायरो कथा के तीसरे दिन भक्ति की सरिता बही। नानीबाई रो मायरो महोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में राष्ट्रीय कथावाचिका बाल व्यास सुश्री दीपा दाधीच ने नरसी मेहता की अनन्य भक्ति और भगवान सांवरिया सेठ द्वारा उनके सम्मान की रक्षा के प्रसंग को जीवंत किया।

व्यास पीठ से कथा सुनाते हुए दीपा दाधीच ने कहा कि नरसी मेहता को अंजार नगर आए चार दिन बीत गए थे, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली। जब वे अपने समधी श्रीरंग जी के पास पहुंचे, तो वहां भी उन्हें तिरस्कार ही मिला। श्रीरंग जी की पत्नी ने जब नरसी को महल में बुलाकर नेक मांगा, तो नरसी ने सहज भाव से कहा कि उनके पास देने के लिए केवल राम नाम और तुलसी की माला है। कथा के दौरान वह प्रसंग भी सुनाया गया जब भीषण सर्दी में भगवान ने भक्त की पुकार पर वर्षा कर दी और बासी खिचड़ी को छप्पन भोग में बदल दिया।

कथा का चरम तब आया जब भगवान द्वारिकाधीश, राधा-रुक्मणी के साथ स्वयं अंजार पधारे और अपनी लाडली नानी बाई का छप्पन करोड़ का मायरा भरकर भक्त नरसी का मान बढ़ाया। आयोजन के अंत में महाआरती के बाद भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

समिति संयोजक रमेशचन्द्र दाधीच व आयोजक रामचन्द्र व्यास ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में रामपाल सोनी, डॉ. छैलबिहारी जोशी, डॉ. सविता जोशी, सुमन बाहेती, डी.के. दाधीच, सरोज दाधीच, हीरालाल ओझा, दिनेश दीवाना, सावित्री शर्मा, महेश राठी सहित दाधीच समाज एवं शहर के गणमान्य नागरिक और सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।

Next Story