भीलवाड़ा में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा की तारीखों में बदलाव, अब 8 से 14 अप्रैल तक बहेगी भक्ति की सरिता

भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। देश के प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से होने वाली 'श्री शिव महापुराण कथा' के आयोजन की तिथियों में आंशिक परिवर्तन किया गया है। अब यह भव्य आयोजन 8 से 14 अप्रैल तक आयोजित होगा।
व्यस्तता के चलते बदला कार्यक्रम
पूर्व में यह कथा 9 से 15 अप्रैल तक प्रस्तावित थी, लेकिन पंडित मिश्रा के अन्य कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते आयोजन समिति ने तारीखों में यह मामूली बदलाव किया है। भीलवाड़ा में पहली बार पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
तैयारियां जोरों पर
संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के पावन सानिध्य में होने वाले इस महाआयोजन के लिए आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउण्ड को चुना गया है। कथा की भव्यता को देखते हुए आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लाखों की संख्या में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल पंडाल, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।आयोजन को एतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए श्री शिवमहापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी एवं समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही है। कथा श्रवण करने के लिए भीलवाड़ा ही नहीं बल्कि राजस्थान के विभिन्न जिलों व आसपास के राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए इसे लेकर विशेष तैयारी हो रही है। आयोजन समिति के संयोजक अशोक बाहेती ने बताया कि कथा आयोजन से जुड़ने के लिए भीलवाड़ा के हर वर्ग व समाज के लोग आगे आकर सहभागिता कर रहे है। कथा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व 7 अप्रेल को भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन होगा। इसमें हजारों की संख्या में मातृशक्ति सिर पर मंगलकलश धारण करके चलेंगी। कथा की तैयारियों को गति देने के लिए विभिन्न समितियों के गठन की प्रक्रिया चल रही है ओर होली पर्व के बाद शीघ्र ही कथा आयोजन समिति के कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा। कथा में भोजन व्यवस्था से लेकर पार्किंग प्रबंधन तक हर तरह की व्यवस्था सुचारू बने रहे इसके प्रबंध किए जा रहे है। इस महा आयोजन के सूत्रधार ओर प्रेरक महन्त बाबूगिरीजी महाराज निरन्तर प्रोत्साहन देने के साथ तैयारियों का निरन्तर जायजा लेकर मार्गदर्शन दे रहे है। पंडित मिश्रा की कथा के रसिक श्रद्धालु निरन्तर महाराजश्री ओर आयोजन समिति से सम्पर्क कर आयोजन में सहयोग के लिए आगे आ रहे है।
