सिंगोली श्याम फूलडोल महोत्सव: रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, 114 यूनिट रक्त संग्रहित

आकोला (रमेश चन्द डाड)। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिंगोली श्याम के फूलडोल महोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को मंदिर परिसर स्थित पाराशर धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भक्ति और सेवा के इस संगम में युवाओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गोपाल विजयवर्गीय ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक अनवरत चला। इस पुनीत कार्य में सिंगोली श्याम मित्र मंडल के सदस्यों, सिंगोली श्याम सेवा संस्थान के पदाधिकारियों तथा सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन भीलवाड़ा की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाओं को संभाला।
शिविर के दौरान 'रक्तदान महादान' की प्रेरणा से ओतप्रोत रक्तदाताओं ने सिंगोली श्याम के जयकारे लगाते हुए उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। विशेष बात यह रही कि शिविर में दुर्लभ ब्लड ग्रुप वाले रक्तदाताओं ने भी मानवता की रक्षा के लिए अपना योगदान दिया।
दिनभर चले इस अभियान में कोटडी श्याम ब्लड बैंक द्वारा कुल 114 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को उनकी सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
