बालिकाओं की सुरक्षा व विधिक जागरूकता हेतु सुवाणा में विशेष शिविर आयोजित

बालिकाओं की सुरक्षा व विधिक जागरूकता हेतु सुवाणा में विशेष शिविर आयोजित
X

भीलवाड़ा । महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया के निर्देशन में बुधवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुवाणा में 'पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह' के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, डिजिटल सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति सजग बनाना रहा।

डिजिटल सुरक्षा व कानूनों की दी जानकारी

पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की प्रबंधक गंगा दाधीच ने छात्राओं को संबोधित करते हुए विधिक जानकारी और आत्म-सुरक्षा के पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र तथा 'वन स्टॉप सेंटर' की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। विधिक परामर्शदाता सुमन खोईवाल ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट्स, ऑनलाइन ठगी और निजी जानकारी साझा करने के जोखिमों से बचना अनिवार्य है। उन्होंने छात्राओं को पासवर्ड और फोटो अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करने की सख्त सलाह दी।

हेल्पलाइन नंबरों का रखें ध्यान

सामाजिक परामर्शदाता सीमा शर्मा ने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ शिक्षा जारी रखने और किसी भी संकट की स्थिति में परिवार व शिक्षकों का सहयोग लेने हेतु प्रेरित किया। मनोसामाजिक परामर्शदाता सुनिता शर्मा ने आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि छात्राएं किसी भी समय सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर संपर्क कर सकती हैं।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरोज लढ़ा, अध्यापिका सुनिता जोशी, ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डॉ. दिव्यजोत भाटिया सहित कई शिक्षक और बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Tags

Next Story