बसंत पंचमी पर श्री श्याम मंदिर काशीपुरी धाम में विशेष प्रसाद वितरण

बसंत पंचमी पर श्री श्याम मंदिर काशीपुरी धाम में विशेष प्रसाद वितरण
X

भीलवाड़ा। ज्ञान, विद्या एवं सरस्वती पूजन के पावन पर्व बसंत पंचमी के अवसर पर श्री श्याम मंदिर, काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा में भक्ति एवं श्रद्धा से ओतप्रोत विशेष आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बाबा श्री श्याम का बाधा (पीतांबरी) समस्त श्याम भक्तों को प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा।

यह विशेष कार्यक्रम शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे से 12:30 बजे तक श्री श्याम मंदिर काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

श्री श्याम सेवा समिति काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने जानकारी देते हुए बताया कि बसंत पंचमी का पर्व आध्यात्मिक उन्नति, ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इस दिन बाबा श्याम का प्रसाद ग्रहण करने से जीवन में सुख-समृद्धि एवं विद्या का आशीर्वाद प्राप्त होता है। समिति का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक भक्त बाबा की कृपा से लाभान्वित हों।

वहीं मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, प्रसाद वितरण, दर्शन व्यवस्था एवं अनुशासन बनाए रखने हेतु समिति के सेवाभावी कार्यकर्ता निरंतर सेवाएं देंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था श्री श्याम सेवा समिति काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा द्वारा की गई है। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।

समिति ने समस्त श्याम प्रेमियों एवं धर्मालंबी नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर पधारकर बाबा श्याम के प्रसाद का लाभ लें और इस पावन अवसर के साक्षी बनें

Next Story